महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट (डब्ल्यूपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कल दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया।
नवी मुंबई स्थित डॉ. डी.वाई. पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स अपनी पारी की आखिरी गेंद पर 166 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए। आरसीबी की ओर से लॉरेन बेल और सायली सतघरे ने 3-3 विकेट लिए, जबकि प्रेमा रावत ने 2 विकेट हासिल किए।
जवाब में, आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने 96 रनों की पारी खेलकर लक्ष्य को आसान बना दिया, वहीं जॉर्जिया वोल ने नाबाद 54 रन बनाकर लक्ष्य को 18.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया। स्मृति मंधाना को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ, आरसीबी ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स तालिका में पिछड़ रही है।
इससे पहले एक अन्य मैच में, यूपी वॉरियर्स ने मुंबई इंडियंस को 22 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में, मुंबई इंडियंस 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर केवल 165 रन ही बना सकी। यूपी वॉरियर्स की सलामी बल्लेबाज मेग लैनिंग को उनकी 70 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
डब्ल्यूपीएल का दूसरा चरण कल से गुजरात के वडोदरा स्थित बीसीए स्टेडियम में शुरू होगा। इस चरण के पहले मुकाबले में गुजरात जायंट्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।