अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूस के साथ न्यू स्टार्ट संधि में निर्धारित परमाणु हथियारों की प्रमुख सीमाओं को बनाए रखने की इच्छा व्यक्त की है। स्कॉटलैंड की यात्रा पर रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि वह इस दिशा में काम शुरू कर रहे हैं।
2010 में हुई न्यू स्ट्रैटेजिक आर्म्स रिडक्शन ट्रीटी, या न्यू स्टार्ट में अमरीका और रूस द्वारा तैनात सामरिक परमाणु हथियारों और वितरण प्रणालियों की संख्या सीमित करने की व्यवस्थाा है।
यह समझौता 5 फरवरी को समाप्त होने वाला है, जब तक दोनों पक्ष इसके विस्तार पर सहमत न हों। यह दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के बीच परमाणु हथियारों में कमी लाने वाला आखिरी समझौता है। न्यू स्टार्ट की समाप्ति के साथ, हथियार नियंत्रण विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि दोनों देश अपने सामरिक हथियारों के भंडार को बढ़ाना शुरू कर सकते हैं जिससे एक-दूसरे के परमाणु इरादों पर निगरानी रखना मुश्किल हो जाएगा।