फ़रवरी 17, 2026 9:14 अपराह्न

printer

टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्‍व कप से ऑस्ट्रेलिया बाहर, जिम्‍बाब्‍वे ने सुपर-8 के लिए क्‍वालिफाई किया

पुरुष टी-20 क्रिकेट विश्व कप 2021 के विजेता ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। श्रीलंका के पल्लेकेले में आज लगातार बारिश के कारण जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच ग्रुप बी का महत्वपूर्ण मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द होने के बाद ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो गया। मैच रद्द होने के बाद आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच अंक बाँट लिए गए। अंकों के आधार पर,
जिम्बाब्वे ग्रुप बी से सुपर 8 चरण के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बन गई है। श्रीलंका ने एक मैच शेष रहते हुए ग्रुप बी से सुपर 8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

दो बार के चैंपियन वेस्ट इंडीज ग्रुप सी से सुपर 8 चरण के लिए क्वालीफाई करने वाला पहला देश बन गया है। दो बार के विजेता इंग्लैंड ग्रुप सी से क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ग्रुप ए से सुपर 8 चरण के लिए क्वालीफाई करने वाली अगली टीम है। ऑस्ट्रेलिया की क्वालीफाई करने की उम्मीदों को कल ही उस समय झटका लगा था जब उसे इसी मैदान पर मेजबान श्रीलंका से आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

जिम्बाब्वे फिलहाल ग्रुप बी में तीन मैचों में पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और उसका एक मैच बाकी है। आयरलैंड तीन मैचों में तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है और ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों में दो अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। ओमान तीन मैचों में बिना जीत के पांचवें स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी मैच जीतकर अधिकतम चार अंक हासिल कर सकता है।
इससे पहले, आज दोपहर चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ग्रुप डी के एक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने कनाडा को आठ विकेट से हराया। 174 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने 15.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाकर लक्ष्य को पार कर लिया। इससे पहले, पहले बल्लेबाजी करते हुए कनाडा ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए।