झारखंड हाईकोर्ट ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के अंतिम परिणाम जारी करने पर रोक लगा दी है। इस मामले की अगली सुनवाई 22 जनवरी को होगी। अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि परीक्षा पेपर लीक होने के संबंध में दर्ज शिकायत पर परीक्षा संचालन अधिनियम 2023 के तहत पुलिस एफआईआर दर्ज करे और अनुसंधान कर रिपोर्ट दे। झारखंड हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता धीरज कुमार ने बताया कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया जारी रहेगी।
झारखंड हाईकोर्ट के इस फैसले को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने आंदोलन कर रहे छात्रों की जीत बताई। इधर, जेएलकेएम के छात्र नेता देवेंद्र महतो को पीआर बांड पर थाने से रिहा कर दिया गया है। गौरतलब है कि सीजीएल परीक्षा परिणाम को रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे देवेंद्र महतो सहित कई छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। देवेंद्र महतो ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अब माननीय हाईकोर्ट ने भी यह मान लिया है कि सीजीएल परीक्षा में गड़बड़ी हुई है।