झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले एन.डी.ए. और इंडिया गठबंधन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के चुनाव सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने आरोप लगाया कि राज्य में बांग्लादेशी और रोहिंग्या की घुसपैठ के लिए सोरेन सरकार जिम्मेदार है और यह चुनाव झारखंड को बचाने के लिए है।
हिमंता विस्वा सरमा ने कांग्रेस पार्टी पर दलितों का अपमान करने का भी आरोप लगाया है। वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री और झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनकी पार्टी के नेताओं को खरीद रही है और विकास के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है।
चतरा विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी रश्मि प्रकाश के नामांकन में पहुंचे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप भी लगाया। श्री यादव ने दावा किया कि चतरा से राष्ट्रीय जनता दल विजयी होगा।