झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर इंडी गठबंधन ने सीटों के बंटवारे का फार्मूला तय कर लिया है। सीटों के बंटवारे की घोषणा करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि झामुमो और कांग्रेस 70 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगी जबकि गयारह सीटों पर सहयोगी दल राजद और माले चुनाव लड़ेंगे। श्री सोरेन ने कहा कि उम्मीदवारों के नाम भी जल्द तय किये जाएंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, झामुमो के 43 से 45 सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना है जबकि कांग्रेस 28 से 30 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इधर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि सीट शेयरिंग लगभग पूरी हो गयी है। पार्टी उम्मीदवारों के नाम का जल्द ऐलान करेगी। इधर राष्ट्रीय जनता दल के नेता मनोज झा ने इंडी गठबंधन की सीट शेयरिंग फार्मूले पर आपत्ति जतायी है। उन्होंने कहा कि राजद नेताओं से बातचीत किये बिना सीटों का बंटवारा कर लिया गया।