झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन का कल आखिरी दिन है। इस क्रम में आज भाजपा, झामुमो और कांग्रेस के कई दिग्गज प्रत्याशियों के नामांकन करने का सिलसिला जारी है।
आज रांची विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सीपी सिंह ने नामांकन दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी नवीन जायसवाल ने हटिया सीट से और इसी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अजयनाथ शाहदेव ने परचा दाखिल किया।
गिरिडीह जिले की गांडेय विधान सभा सीट से झामुमो प्रत्याशी कल्पना सोरेन, रांची विधानसभा सीट से झामुमो प्रत्याशी महुआ माजी, लोहरदगा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रामेश्वर उरांव ने नामांकन किया। वहीं दूसरे चरण के लिए भी प्रत्याशी नामांकन कर रहे हैं। इस चरण के लिए 29 अक्टूबर तक पर्चा भरा जा सकता है।
गौरतलब है कि झारखंड में विधानसभा चुनाव दो चरण में हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को है। वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।