झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 15 जिलों की 43 सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। 31 सीटों के 950 संवेदनशील बूथों के अलावा अन्य सभी जगहों पर मतदान शाम 5 बजे खत्म होगा जबकि संवेदनशील बूथों पर शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इस चरण में एक करोड़ 37 लाख से अधिक मतदाता 73 महिलाओं समेत 683 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे।
सरायकेला से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, रांची से राज्यसभा सांसद और झारखंड मुक्ति मोर्चा उम्मीदवार महुआ माजी, लोहरदगा से कांग्रेस के रामेश्वर उरांव, जमशेदपुर (पश्चिम) से जनता दल (यूनाइटेड) के सरयू राय और ईचागढ़ से आजसू के हरे लाल महतो इस चरण के चर्चित उम्मीदवारों में शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने मतदाताओं से निडर होकर मतदान करने की अपील की है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राज्य में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की दो सौ कंपनियां तैनात की गई हैं।
अंतर-जिला सीमाएं सील कर दी गई हैं। नक्सली गतिविधियों को नाकाम करने के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में साझा अभियान चलाया गया है। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए हेलीकॉप्टरों को भी तैनात किया गया है।