झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज छठा दिन है। आज दिन भर सरकार द्वारा पेश किये गये बजट के आय-व्यय पर चर्चा होगी। यह चर्चा कल भी जारी रहेगी, जिसके बाद सरकार अपना जवाब देगी। गौरतलब है कि राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कल एक लाख 45 हजार करोड़ से ज्यादा का बजट सदन में पेश किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सत्ता पक्ष ने इसे संतुलित बजट बताया है। हालांकि प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने बजट को निराशाजनक बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि बजट में कुछ भी नया नहीं है।
इस बीच पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने रांची में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर कहा कि इस बजट में युवाओं और किसानों के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया है।