लोकसभा चुनाव के बाकी चरणों के लिए चुनाव प्रचार चरम पर पहुंच गया है। प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज सुबह झारखंड के पलामू जिले में चुनावी रैली की। श्री मोदी ने कहा कि एन.डी.ए. सरकार के पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा है।
उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने बच्चों के लिए अकूत संपत्ति एकत्रित की। उन्होंने कहा कि 2014 में जनता के वोटों की वजह से पूरी दुनिया ने भारतीय लोकतंत्र की शक्ति को नमन किया। 2014 में जनता ने अपने वोट से भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को हटा दिया।