मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

मई 21, 2024 4:40 अपराह्न

printer

रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह ने बोकारो में एक चुनावी रैली को संबोधित किया

 

    रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह ने आज झारखंड मुक्ति मोर्चा और उसके नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि जब से इनकी सरकार सत्ता में आई है राज्‍य में भ्रष्टाचार बढ़ गया है और विकास बाधित हो रहा है।

     बोकारो में पार्टी उम्मीदवार ढुल्लू महतो के समर्थन में एक चुनावी रैली में श्री सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नाम लिए बिना उनके सहयोगी के आवास पर भारी मात्रा में नकदी की बरामदगी के लिए उनकी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की संलिप्तता के बिना ऐसा कभी नहीं हो सकता। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा ने झारखंड को रघुबर दास, बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा के रूप में तीन मुख्यमंत्री दिये हैं और कोई भी भ्रष्टाचार के आरोपों के लिए उन पर उंगली नहीं उठा सकता। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी का कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार के मामले में पकड़ा गया तो पार्टी में उसके लिए कोई जगह नहीं होगी और उसे जेल में डाल दिया जाएगा। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचारियों को शरण दी गई।

    उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड के समग्र विकास के लिए इसे अलग राज्य बनाया। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले 10 साल से देश में बैंक तीन लाख करोड़ रुपये के मुनाफे में हैं। उन्‍होंने लोगों से ढुल्लू महतो को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। श्री महतो धनबाद जिले के अंतर्गत बागमारा विधानसभा सीट से भाजपा के मौजूदा विधायक हैं।