झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है। अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. नेहा अरोड़ा ने बताया कि सवेरे साढे 9 बजे तक 13.04 प्रतिशत मतदान होने का अनुमान है। इस चरण में 15 जिलों की 43 सीटों पर मतदान हो रहा है। मतदान सवेरे 7 बजे मतदान शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक चलेगा। 31 सीटों के 950 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर शाम 4 बजे समाप्त होगा।
आज के मतदान में एक करोड़ 37 लाख से अधिक मतदाता 73 महिलाओं समेत 683 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। सरायकेला से भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, रांची से राज्यसभा सांसद और झारखंड मुक्ति मोर्चा उम्मीदवार महुआ माजी, लोहरदगा से कांग्रेस के रामेश्वर उरांव, जमशेदपुर (पश्चिम) से जनता दल (यूनाइटेड) के सरयू राय और ईचागढ़ से ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन के हरे लाल महतो उन महत्वपूर्ण उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिनके भाग्य का फैसला आज होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे राज्य में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। अंतर-जिला सीमाएं सील कर दी गई हैं। नक्सलियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों में संयुक्त अभियान चलाया गया है। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए हेलीकॉप्टरों को भी तैनात किया गया है।
इस बीच चुनाव आयोग ने मतदाताओं से निडर होकर मतदान करने की अपील की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सबकी सहभागिता जरुरी है।