मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

नवम्बर 10, 2024 7:12 अपराह्न | JHARKHAND ASSEMBLY ELECTIONS

printer

झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार का कल अंतिम दिन

झारखंड में विभिन्‍न राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता अपनीअपनी पार्टी के उम्‍मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने के वास्‍ते अंतिम समय तक प्रयास करने में लगे हुए हैं। राज्‍य में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार का कल अंतिम दिन है।

    भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज गुमला और बोकारो में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्‍होंने दोहराया कि भाजपा के नेतृत्‍व वाली एनडीए सरकार, सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के प्रति वचनबद्ध है। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि इस मार्ग पर चलने से झारखंड और देश, दोनों का विकास होगा़। श्री मोदी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि उनके इरादे अलग हैं और वे राज्‍य की प्रगति से मेल नहीं खाते।

    प्रधानमंत्री ने राज्‍य में कृषि को बढावा देने के उद्देश्‍य से रागी जैसे अनाज का उत्‍पादन और बिक्री बढाने की योजनाओं की भी घोषणा की। उन्‍होंने किसानों की सहायता और उनके हितों के लिए उपाय करने के लिए भाजपा की झारखंड इकाई की सराहना की। श्री मोदी ने आज शाम रांची में विशाल रोड शो किया।

    झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्‍ठ और मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में चुनावी रैली की। उन्‍होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह उनके विरूद्ध केन्‍द्रीय एजेंसियों का इस्‍तेमाल कर रही है। श्री सोरेन ने कहा कि झारखंड के लोग यह सब देख रहे हैं और आगामी चुनाव में वे भाजपा को इसका करारा जवाब देंगे। गढवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री सोरेन ने जोर देकर कहा कि आगामी चुनाव झारखंड और उसके निवासियों के अधिकारों और गरिमा की रक्षा करने के लिए महत्‍वपूर्ण है। उन्‍होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अपने विरोधियों की आवाज को दबा रही है। भाजपा की झारखंड इकाई के अध्‍यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि केन्‍द्रीय एजेंसियां केवल अपना काम कर रही है।

    इस बीच कोडरमा में एक चुनावी रैली में राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विकास के नाम पर लोगों को गुमराह किया है। उन्‍होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे झारखंड के निरंतर विकास के लिए इंडिया गठबंधन को वोट दें।

    पलामू में एक जनसभा में लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) अध्‍यक्ष चिराग पासवान ने हेमंत सोरेन पर आरोप लगाया कि मुख्‍यमंत्री रहते हुए उन्‍होंने झूठे वादे किये। श्री पासवान ने यह दावा भी किया कि अपना वोट बैंक सुरक्षित करने के लिए श्री सोरेन बंग्‍लादेशी घुसपैठियों का संरक्षण कर रहे हैं।

    दूसरी ओर भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने हेमंत सोरेन के नेतृत्‍व वाली सरकार पर झारखंड को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावों में वर्तमान प्रशासन की मंशा पूरी नहीं होगी।

    कांग्रेस, ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन और वामपंथी दलों के नेता भी राज्‍य में जोर-शोर से प्रचार में लगे हुए हैं।

    बुधवार को पहले चरण में 43 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। इस महीने की 20 तारीख को दूसरे चरण में 38 सीटों के लिए मतदान होगा।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला