फ़रवरी 24, 2025 2:11 अपराह्न

printer

झारखंड में विधानसभा का बजट सत्र आज रांची में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण के साथ शुरू

झारखंड में विधानसभा का बजट सत्र आज रांची में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। यह सत्र आज से 27 मार्च तक चलेगा। सत्र में कुल 20 कार्य दिवसों होंगे। इस सत्र में वित्तीय वर्ष 2024-25 का तृतीय अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा। सत्र को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सभी विधायकों से सत्र के दौरान अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सदन को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने सदन के सभी सदस्यों से झारखंड के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि भारी जनादेश से यह साबित होता है कि उनकी सरकार लोगों के दिलों में बसती है। श्री गंगवार ने कहा कि राज्य सरकार साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार ने बाल श्रम के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में आगे कहा कि अबुआ आवास योजना और मैय्या सम्मान योजना जैसी कई सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से राज्य में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार औद्योगिक विकास के लिए प्रयासरत है और भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाने के लिए कदम उठा रही है।