जून 20, 2025 9:53 अपराह्न

printer

झारखंड में मानसून की पहली बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया

झारखंड में मानसून की पहली बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रामगढ़ जिले के चितरपुर और दुलमी प्रखंड को जोड़ने वाला कोची नाले का पुल आज तेज बहाव में बह गया, जिससे दर्जनों गांव का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है।

इधर खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर पेलोल पुल टूटने की जांच करने झारखंड पथ निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता मनोहर कुमार ने टीम के साथ स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पुल टूटने के पीछे भारी बारिश और संभावित तकनीकी खामियों की जांच की जा रही है।

इधर, पलामू में लगातार बारिश की वजह से कोयल और सोन नदी उफान पर हैं, जिसे देखते हुए पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। एसपी रीष्मा रमेशन ने तटवर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और किसी आपदा की स्थिति में 112 डायल कर सहायता मांगने की अपील की है। जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए प्रशासन ने नदी किनारे माइक से लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।