झारखंड में पांचवें चरण का चुनाव प्रचार तेज हो गया है। सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। कल गिरिडीह में आयोजित चुनावी जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता सह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसमर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि वे अपने तीसरे कार्यकाल में आतंकवाद और नक्सलवाद पर बहुत बडा प्रहार करने संकल्प ले चुके हैं।
श्री मोदी ने कहा कि जब मजबूत सरकार होती है तो वह सबसे पहले देश का और देश के लोगों का हित देखती है। वहीं कमजोर सरकार देश को भी कमजोर कर देती है। उन्होंने कहा कि कमजोर सरकार देशवासियों का भला नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा कि झारखंड को फिर से नक्सलवाद का गढ़ नहीं बनने देंगे। उन्होंने कहा कि उनके अगले कार्यकाल में देश में हर परिवार का पक्का घर होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कोडरमा लोकसभा से भाकपा माले के उम्मीदवार विनोद सिंह के समर्थन में कल तिसरी गांधी मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने गांडेय विधानसभा क्षेत्र में महिला कॉलेज और तिसरी में डिग्री कॉलेज खोलने का वादा किया।