प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राज्य में चुनाव अभियान की शुरुआत की। श्री मोदी ने खूंटी और सिंहभूम निर्वाचन क्षेत्रों से एनडीए उम्मीदवारों के लिए भी प्रचार किया।
रैली के दौरान श्री मोदी ने झारखंड में इंडी गठबंधन के घटक दलों की कडी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह भाजपा ही थी जिसके कारण बिहार से अलग करके झारखंड राज्य बनाया गया। उन्होंने सत्तारूढ़ गठबंधन पर झारखंड की खनिज संपदा लूटने का भी आरोप लगाया। श्री मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया, लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने आदिवासियों के बलिदान को कभी सम्मान नहीं दिया। श्री मोदी झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं।
बाद में उन्होंने रांची में एक रोड शो भी किया और जनता से समर्थन की अपील की। वे आज रात राजभवन में रुकेंगे। श्री मोदी कल पलामू और लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के लिए पलामू और सिसई में निर्धारित दो सार्वजनिक रैलियों के लिए रवाना होंगे।