भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि आई.एन.डी.आई गठबंधन कुछ और नहीं बल्कि भ्रष्ट नेताओं का समूह है और ये विभिन्न घोटालों में सम्मिलित हैं। झारखंड के दुमका में एक चुनावी सभा में श्री नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी, पी. चिदंबरम, कार्ती चिदंबरम, अरविंद केजरीवाल और लालू यादव समेत इनके कई नेता जमानत पर बाहर हैं जबकि मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, आजम खान, तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम पार्टियों के नेता जेल में बंद हैं। आई.एन.डी.आई गठबंधन के आधे नेता जेल में बंद हैं और आधे जमानत पर बाहर हैं।
श्री नड्डा ने कहा कि वर्तमान में झारखंड माफिया की गिरफ्त में है और गरीब जनता का पैसा लूटा जा रहा है। लोग सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब भीम राव अंबेडकर ने सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार आरक्षण की वकालत की, ना धर्म के आधार पर।
झारखंड की तीन लोकसभा सीटों दुमका, राजमहल और गोद्दा में पहली जून को सातवें चरण में मतदान होगा।