अगस्त 4, 2025 12:20 अपराह्न

printer

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर श्रद्धांजलि स्वरूप राज्यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही सांसद शिबू सोरेन के निधन पर श्रद्धांजलि स्वरूप दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा के सदस्यों ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री सोरेन का आज लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन हो गया। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने उन्‍हें श्रद्धांजलि दी। श्री हरिवंश ने कहा कि शिबू सोरेन एक वरिष्ठ और प्रतिष्ठित आदिवासी नेता थे, जिन्होंने आदिवासी समुदायों के अधिकारों और उत्थान के आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाई। उन्‍होंने कहा कि श्री सोरेन ने जीवन भर वंचितों के अधिकारों और कल्याण के लिए काम किया।
 
उपसभापति ने कहा कि वह आठ बार लोकसभा सदस्य चुने गए और तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री भी रहे। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड राज्य की स्थापना के आंदोलन में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद सदन में दिवंगत नेता के सम्मान में मौन रखा गया।