झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया में कल रात एक चार्टर एयर एम्बुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने से इसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई। विमान ने रांची से शाम 7 बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी थी और लगभग 7 बजकर 34 मिनट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, सांसद कालीचरण सिंह और विधायक जनार्दन पासवान ने स्थिति का जायजा लिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला विमानन सुरक्षा मानकों से संबंधित लग रहा है। उन्होंने बताया कि ब्लैक बॉक्स, फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर, कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर, मौसम की स्थिति, एटीसी संचार और रखरखाव रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। सरकार ने शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता और मुआवजे का आश्वासन दिया है।