जमीन खरीद बिक्री मामले में गिरफ्तार झारखण्ड मुक्ति मोर्चा नेता अंतु तिर्की, जमीन कारोबारी प्रियरंजन सहाय, विपिन सिंह और इरसाद को आज राँची प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की विशेष अदालत के आवासीय कार्यालय में पेश किया गया। पेशी के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में राँची के बिरसा मुंडा केन्द्रीय कारागार भेज दिया गया। ईडी ने चारों आरोपियों से पूछताछ के लिए न्यायालय से सात दिनों रिमांड मांगा है। अब रिमांड की अवधि को लेकर गुरुवार को सुनवाई होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी ने न्यायालय को बताया कि जमीन खरीद बिक्री मामले में गिरफ्तार चारों लोगों से अभी कई मामलों में पूछताछ बाकी है। इसलिए न्यायालय सात दिनों की रिमांड तय करे। उल्लेखनीय है कि ईडी ने कल चारों आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में अब तक पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बड़ागाई अंचल के उपनिरीक्षक भानु प्रसाद समेत पांच को चार्जशीट आरोपी बनाया गया है और अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
Site Admin | अप्रैल 17, 2024 7:49 अपराह्न
झामुमों नेता अंतु तिर्की अपने तीन साथियों समेत न्यायिक हिरासत में भेजे गए