अक्टूबर 13, 2025 9:44 अपराह्न

printer

जोएल मोकिर, फिलिप अघियन और पीटर हॉविट को नवाचार और आर्थिक विकास पर कार्य के लिए नोबेल पुरस्कार

इस वर्ष का अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार जोएल मोकिर, फिलिप अघियन और पीटर हॉविट को नवाचार और आर्थिक विकास पर उनके अभूतपूर्व कार्य के लिए देने की घोषणा की गई है।

 

नोबेल समिति के अनुसार, तीनों अर्थशास्त्रियों को नवाचार-संचालित आर्थिक विकास की व्याख्या करने के लिए इस पुरस्‍कार के लिए चुना गया है। जोएल मोकिर ने तकनीकी प्रगति के माध्यम से सतत विकास के लिए आवश्यक शर्तों की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जबकि फिलिप अघियन और पीटर हॉविट ने रचनात्मक विनाश के माध्यम से सतत विकास के सिद्धांत पर काम किया है।

 

नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के डच-इज़राइली-अमेरिकी आर्थिक इतिहासकार जोएल मोकिर ने ऐतिहासिक साक्ष्यों का उपयोग यह समझने के लिए किया कि कैसे समाज गतिहीनता से आत्मनिर्भर आर्थिक विकास की ओर बढ़े। कॉलेज डी फ्रांस के फिलिप अघियन और ब्राउन यूनिवर्सिटी के पीटर हॉविट के 1992 के शोधपत्र में एक मॉडल प्रस्तुत किया गया था जिसमें दिखाया गया था कि कैसे आर्थिक विकास एक चक्र के माध्यम से होता है जिसमें नए नवाचार पुरानी तकनीकों और उत्पादों का स्थान ले लेते हैं।

 

नोबेल समिति ने कहा कि इन तीनों के शोध ने अर्थशास्त्रियों और नीति निर्माताओं को आर्थिक प्रगति की जड़ों को बेहतर ढंग से समझने में मदद की है। उनके विचारों ने सरकारों को नवाचार का समर्थन करने, बाजारों को विनियमित करने और पुराने उद्योगों की आवश्यकताओं को नए उद्योगों के अवसरों के साथ संतुलित करने के बारे में सोचने के लिए प्रेरित किया है।