अक्टूबर 23, 2024 8:08 पूर्वाह्न

printer

जेएमएम और आरजेडी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की 

झारखंड मुक्ति मोर्चा-जेएमएम और राष्‍ट्रीय जनता दल-आरजेडी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्‍मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 35 और राष्‍ट्रीय जनता दल ने 6 उम्‍मीदवारों की सूची जारी की है।

 

मुख्‍यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन बरहेट सीट से चुनाव लड़ेंगे जबकि अध्‍यक्ष रवींद्र नाथ महतो को नाला निर्वाचन क्षेत्र से टिकट दिया गया है। कल्‍पना सोरेन गांडेय सीट से चुनाव  लड़ेंगी।

 

राष्‍ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रमुख संजय कुमार सिंह यादव को हुसैनाबाद निर्वाचन क्षेत्र से टिकट दिया गया है। पूर्व मंत्री सुरेश पासवान देवघर सीट से चुनाव लड़ेंगे। हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल के मंत्री सत्‍यानंद भोक्‍ता को इस बार टिकट नहीं दिया गया है। राष्‍ट्रीय जनता दल ने चतरा निर्वाचन क्षेत्र से श्री सत्यानंद भोक्ता की बहु को टिकट दिया है। इंडिया गठबंधन के सीट बंटवारा फॉर्मूले में 70 सीटें झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस को दी गई हैं जबकि 11 सीटें राष्‍ट्रीय जनता दल और मार्क्सवादी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को दी गई हैं। कांग्रेस ने 11 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। कम्युनिस्ट पार्टी माले ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपने उम्मीदवारों के नाम की सूची जारी नहीं की है।

 

झारखंड में विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित कराए जा रहे हैं। पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को जबकि दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।