नई दिल्ली के जामिया हमदर्द विश्विद्यालय में कल से माई भारत कश्मीरी यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का विषय है – अपने वतन को जानो। इसकी जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपत्ति असगर अली ने बताया कि इस छह दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता को विकसित करना है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में 130 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं जिनमें 50 से अधिक छात्राएं शामिल हैं। वहीं, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार, कर्नल ताहिर मुस्तफा ने बताया कि इसमें विशेषज्ञों के साथ सवांदात्मक सत्र, करियर परामर्श और उद्यमिता प्रशिक्षण जैसे अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में युवा मामले और खेल मंत्रालय के अंतर्गत उत्तर पूर्वी दिल्ली के अधिकारी दिवाकर भाटी ने बताया कि यह कार्यक्रम गृह और खेल मंत्रालय द्वारा जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय के साथ मिलकर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम कश्मीरी युवाओं में सांस्कृतिक और शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा। श्री भाटी ने कल से 22 जनवरी तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।