जुलाई 28, 2024 11:57 पूर्वाह्न

printer

जापान दौरे पर विदेश मंत्री, क्वाड देशों की बैठक में लेंगे हिस्सा

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर जापान की दो दिन की यात्रा पर आज तोक्यो पहुंचे। जापान में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। विदेश मंत्री डॉक्‍टर जयशंकर कल क्वाड के विदेश मंत्रियों की होने वाली बैठक में भाग लेने के लिए जापान गए हैं। बैठक में भारत, जापान, अमरीका और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री पिछले वर्ष सितंबर में न्यूयॉर्क में हुई बैठक की चर्चाओं को आगे बढ़ाएंगे। इसमें भारत-प्रशांत क्षेत्र में विकास पर विचारों का आदान-प्रदान होगा और क्वाड पहल और कार्य समूह की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

 

 

डॉ. जयशंकर ने तोक्यो पहुंचने के बाद, एडोगावा के फ्रीडम प्लाजा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर जयशंकर ने कहा कि दुनिया में संघर्ष, तनाव, ध्रुवीकरण और रक्तपात के इस समय में महात्मा गांधी का यह संदेश बहुत महत्वपूर्ण है कि समाधान युद्ध से नहीं होता और कोई भी युग युद्ध का नहीं होना चाहिए। विदेश मंत्री ने कहा कि यह संदेश आज भी उतना ही उपयोगी है, जितना 80 वर्ष पहले था।