फ़रवरी 9, 2026 7:58 पूर्वाह्न

printer

जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के सत्तारूढ़ गठबंधन ने संसदीय चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल की

जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन ने संसदीय चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत से देश में प्रधानमंत्री ताकाइची के कर कटौती और मजबूत रक्षा प्रणाली का मार्ग प्रशस्‍त हो गया है।

ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेट पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने जापान की प्रतिनिधि सभा की 465 सीटों में से 352 सीटें जीती हैं। एलडीपी ने 316 सीटें जीती हैं।

सत्‍तारूढ दल के पास गठबंधन सहयोगी जापान इनोवेशन पार्टी-इशिन के साथ मिलकर दो-तिहाई से अधिक का बहुमत है। इसके साथ ही ताकाइची के शासन करने का जनादेश काफी मजबूत हो गया है।

इस शानदार जीत के बाद एक साक्षात्कार में, ताकाइची ने कहा कि वह विपक्ष के सहयोग से अपनी नीतिगत योजनाओं को आगे बढ़ायेंगी।
64 वर्षीय ताकाइची, अक्टूबर में एलडीपी की नेता चुने जाने के बाद देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं।

वर्ष 1955 में स्थापना के बाद एलडीपी की यह रिकॉर्ड जीत है। इससे पहले दिवंगत प्रधानमंत्री यासुहिरो नाकासोन के नेतृत्‍व में 1986 में पार्टी ने 300 सीट पर जीत का रिकॉर्ड बनाया था।