जम्मू-कश्मीर में एक किशोर सुधार गृह से दो पाकिस्तानी कैदियों के साथ फरार हुए एक गैंगस्टर की तलाश तेज कर दी गई है। इस बीच पांच संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। दोनों पाकिस्तानी नागरिकों को मंगलवार को उस समय हरियाणा के अंबाला रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया जब वे नेपाल जा रहे थे। इससे पहले सोमवार को कराजीत सिंह उर्फ गुग्गा और दो पाकिस्तानी नागरिकों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और किशोर सुधार गृह से फरार हो गए।
इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। मुख्य अभियुक्त कराजीत सिंह, अभी भी फरार है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। विशेष दल जम्मू और उसके बाहर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रहा हैं। इस बीच एक सहायक उप-निरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।