भारतीय क्षेत्र में पाकिस्तान के ड्रोन की मौजूदगी के बाद आज सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के कई गांवों में व्यापक तलाश अभियान चलाया। कल रात रामगढ़ सेक्टर के कंद्राल, अबताल और बहादुरपुर गांव के ऊपर कुछ मिनटों के लिए ड्रोन की गतिविधि देखी गई। इलाके में कड़ी निगरानी की जा रही है। सुबह से ही व्यापक तलाश अभियान शुरू कर दिया है जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सीमा पार से हथियारों या नशीले पदार्थों की तस्करी न हो।
पिछले दो दिनों में जम्मू के आर एस पुरा सेक्टर के सीमावर्ती गांव में ड्रोन से हेरोइन की खेप गिराए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की साढे तीन किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। इस मामले में दो संदिग्ध तस्करों को हिरासत में लिया गया है।