जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन आज संपन्न हो जाएगा। प्रदेश में पहले चरण में छह जिलों की 24 सीटों पर 18 सितम्बर को मतदान होगा। इसके लिए नामांकन पत्रों की जांच कल की जाएगी जबकि 30 अगस्त तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। जम्मू कश्मीर में अगले दो चरणों का मतदान 25 सितम्बर और एक अक्टूबर को होगा। चुनाव परिणाम चार अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
जम्मू कश्मीर में 87 लाख 9,000 मतदाता हैं जिनमें से 44 लाख 46 हजार पुरूष और 42 लाख 62 हजार महिलाएं हैं। प्रदेश में 20 लाख सात हजार युवा मतदाता हैं। तीन लाख 71 हजार मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के 90 विधानसभा क्षेत्रों में से 74 सामान्य वर्ग के लिए हैं जबकि सात सीटें अनुसूचित जाति और नौ सीटें अनुसूचित जनजाति के प्रत्याशियों के लिए आरक्षित हैं।