Pजम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान को आज हुई मुठभेड़ के बाद एक इलाके तक सीमित कर दिया गया है। हमारे जम्मू संवाददाता ने बताया है कि बर्फ से ढके चतरू-डोलगाम-दिछार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इस संयुक्त ऑपरेशन त्राशी-I के दौरान, व्हाइट नाइट कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सी.आर.पी.एफ के जवानों द्वारा डोलगाम के क्षेत्र में आज तड़के आतंकवादियों के साथ संपर्क फिर से स्थापित किया गया। सूत्रों के अनुसार एक आतंकी घायल हुआ है। यह अभियान 18 जनवरी को शुरू किया गया था, जिसके बाद मंदरल-सिंहपोरा के पास सोनार जंगल में भीषण मुठभेड़ हुई थी, जिसमें एक पैराट्रूपर शहीद हो गया था और सात सैनिक घायल हो गए थे।
इस बीच, घनी वनस्पतियों और चुनौतीपूर्ण इलाकों का फायदा उठाकर आतंकवादी भागने में सफल रहे, लेकिन सुरक्षा बलों ने दो फीट से अधिक बर्फबारी के बावजूद अभियान जारी रखा। इस बीच, उत्तरी सेना के कमांडर, लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने आतंकवाद विरोधी ग्रिड की समीक्षा करने के लिए किश्तवाड़ जिले का दौरा किया और सैनिकों के अटूट संकल्प की सराहना भी की।