मार्च 3, 2026 2:19 अपराह्न

printer

जम्मू-कश्मीर में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामनेई की हत्या के विरोध में लगातार दूसरे दिन भी जनजीवन प्रभावित

जम्मू-कश्मीर में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामनेई की हत्या के विरोध में लगातार दूसरे दिन भी जनजीवन प्रभावित रहा। मौजूदा स्थिति को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

कश्मीर क्षेत्र में सभी सरकारी और निजी स्कूल और कॉलेज बंद रहे तथा परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। सुरक्षाकर्मी गश्त कर रहे हैं और आवागमन को नियंत्रित करने के लिए चौकियां स्थापित की गई हैं।

श्रीनगर के लाल चौक को बंद कर दिया गया है तथा पैदल यात्रियों और वाहनों दोनों के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। सभी दुकानें और सार्वजनिक परिवहन बंद हैं। हालांकि, प्रतिबंधित क्षेत्रों को छोड़कर कश्मीर के लगभग सभी हिस्सों में सीमित निजी परिवहन चल रहे है।
सरकारी कर्मचारियों को पहचान पत्र के आधार पर अपने-अपने कार्यालयों में जाने की अनुमति दी जा रही है कश्मीर में सरकारी और निजी क्षेत्र के कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में कामकाज काफी हद तक प्रभावित हुआ है। हालांकि, अस्पताल और अन्य सभी आपातकालीन सेवाएं पूरे क्षेत्र में सुचारू रूप से जारी हैं।