प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने कल जम्मू-कश्मीर के उधम पुर में उत्तरी सैन्य कमान का दौरा किया। उन्हें सीमा पार आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष ने सीमा क्षेत्र के नागरिकों की पुनर्वास स्थिति और सेना की संचालनगत तैयारियों की भी समीक्षा की। उत्तरी सेना कमांडर ने सीमा सुरक्षा सुनिश्चित करने की तैयारियों और जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद के खात्मे के लिए किये जा रहे प्रयासों से उन्हें अवगत कराया। श्री चौहान ने चुनौतीपूर्ण स्थितियों में सेना के तालमेल की प्रशंसा की। उन्होंने हरियाणा में चण्डी मंदिर सैन्य केन्द्र स्थित पश्चिमी कमान का भी दौरा किया।