मार्च 1, 2026 5:23 अपराह्न

printer

जम्मू-कश्मीर: तीन मार्च को राष्ट्रीय प्रशासन सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तीन मार्च को जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय प्रशासन सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन का विषय है- ‘जिलों का समग्र विकास: विकसित भारत के लिए शासन का रूपांतरण’। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग के इस सम्मेलन में लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार की विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत मान्यता प्राप्त शासन मॉडलों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन शासन पद्धतियों को प्रदर्शित और प्रसारित करना है, जिनसे सेवा वितरण, नागरिक कल्याण और स्थानीय विकास परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

मंत्रालय ने कहा है कि इस सम्मेलन में वरिष्ठ प्रशासकों और अन्य अधिकारियों सहित देश भर से दो सौ से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। मंत्रालय ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रमुख योजनाओं के व्यापक कार्यान्वयन, सभी क्षेत्रों में एकीकृत विकास और प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र के लिए अनुभव साझा करने, विचारों का आदान-प्रदान करने तथा रणनीतियों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक मंच प्रदान करना भी है।