जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज रियासी जिले में बाढ़ और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त 320 घरों के पुनर्निर्माण की आधारशिला रखी। इस परियोजना को हाई रेंज रूरल डेवलपमेंट सोसायटी द्वारा लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा।
इससे पहले, उप-राज्यपाल ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी गोलाबारी और हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों के लिए किश्तवाड़, राजौरी, पुंछ, उधमपुर, रामबन, जम्मू, कठुआ और सांबा सहित आठ जिलों में 1869 घरों की आधारशिला रखी थी। इस पहल में अत्याधुनिक, कुशल, आधुनिक, टिकाऊ और तकनीकी रूप से उन्नत तीन बेडरूम वाले ‘स्मार्ट हाउस’ शामिल हैं। लाभार्थी परिवारों के लिए व्यापक सामाजिक सुरक्षा पैकेज भी प्रदान किया जाएगा। इस समग्र सहायता में 15 वर्षों का निःशुल्क जीवन बीमा और परिवार के सभी सदस्यों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच शामिल है। यह सोसायटी अगले पांच वर्षों तक इन घरों का रखरखाव भी करेगी।