जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज महामना पंडित मदन मोहन मालवीय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। हमारे जम्मू संवाददाता के अनुसार उपराज्यपाल ने बताया है कि विकसित भारत के लिए महामना और अटल जी के आदर्श और दूरदृष्टि तथा सामाजिक सद्भाव, समानता और न्याय का संदेश हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। श्री सिन्हा ने गाजीपुर में पंडित मदन मोहन मालवीय इन्टर कॉलेज में आयोजित एक स्मृति कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस वर्ष महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की 164वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती है।
उपराज्यपाल ने भारत की शैक्षिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक उन्नति में मालवीय जी के अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महामना ने आधुनिक शिक्षा को विकास का एक सशक्त माध्यम बना दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि अटल जी ने भारत की आंतरिक शक्ति को जागृत किया और वैश्विक मंच पर साथी भारतीयों में आत्मसम्मान की भावना पैदा की। उन्होंने कहा कि अटल जी ने सुशासन और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी। उनका प्रभाव सार्वभौमिक था। उनके प्रशासनिक सुधारों और पारदर्शिता, जवाबदेही और कुशल, नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण पर उनके जोर ने समावेशी और तीव्र विकास सुनिश्चित किया। उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महामना और अटल जी के सपने अब साकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में भारत का उदय इस परिवर्तन का प्रमाण है।