जम्मू-कश्मीर के उधमपुर लोकसभा क्षेत्र में 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान कराया जाएगा। इस दौरान 16 लाख 23 हजार से अधिक मतदाता 12 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। उधमपुर संसदीय क्षेत्र 5 जिलों में फैला है, जिनमें किश्तवाड़, डोडा, रामबन, उधमपुर और कठुआ शामिल हैं। इस क्षेत्र में 16 लाख 23 हजार एक सौ 95 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें से आठ लाख 45 हजार दो सौ 83 पुरुष और सात लाख 77 हजार आठ सौ 99 महिलाएं हैं।
भारतीय निर्वाचन आयोग ने क्षेत्र के सभी भागों के मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां दो हजार छह सौ 37 मतदान केंद्र बनाए हैं जिनमें से दो हजार चार सौ 57 ग्रामीण क्षेत्रों में और 180 शहरी क्षेत्रों में हैं ताकि मतदान के लिए सभी लोग आसानी से पहुंच सकें।
मतदाता सूची में 23 हजार छह सौ 37 दिव्यांगों को भी शामिल किया गया है वहीं 18 से 19 वर्ष के 45 हजार आठ सौ 25 पुरुष और 38 हजार छह सौ 41 महिला मतदाताओं को मिलाकर कुल 84 हजार चार सौ 68 मतदाता पहली बार इस चुनाव में मतदान करेंगे।
इस क्षेत्र में बुजुर्ग मतदाताओं की भी अच्छी संख्या है। यहां 12 हजार 20 पुरुष और 13 हजार छह सौ 12 महिलाओं सहित कुल 25 हजार छह सौ 32 मतदाताओं की उम्र 80 वर्ष से अधिक है। ये अनुभवी मतदाता चुनावी विमर्श में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।