छत्तीसगढ़ सहित देशभर में आज हिंदी दिवस मनाया जा रहा है। चौदह सितंबर उन्नीस सौ उनचास को संविधान सभा ने हिंदी भाषा को देश की आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हिन्दी दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने हिन्दी भाषा के महत्व के बारे में एक वीडियो साझा किया। वहीं, केन्द्रीय गृहमंत्री ने वीडियो संदेश में कहा कि हिन्दी दिवस के पचहत्तर वर्ष पूरे हो रहे हैं और यह उपलब्धि राजभाषा के रूप में हिन्दी की हीरक जयंती के रूप में मनाई जा रही है। गृहमंत्री ने कहा कि राजभाषा विभाग शीघ्र हिन्दी से आठवीं अनुसूची में शामिल सभी भाषाओं में अनुवाद करने के लिए एक पोर्टल का शुभारंभ करेगा। इस पहल के अंतर्गत पत्रों या भाषणों का बहुत कम समय में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के माध्यम से सभी भाषाओं में अनुवाद हो जाएगा। उन्होंने देश के नागरिकों से हिन्दी और क्षेत्रीय भाषाओं को मजबूत करने में एकजुट रहने की अपील की।
वहीं, मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राजभाषा हिंदी राष्ट्रीय एकता और सद्भावना को बनाए रखने में मह्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हिंदी के सहज-सरल होने के कारण इसने देश को एक सूत्र में बांधने में अहम भूमिका निभाई है।
उधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में राजभाषा हीरक जयंती समारोह और चौथे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि सभी भाषाओं को मजबूत करने से ही एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण होगा।
इधर, छत्तीसगढ़ में भी हिन्दी दिवस के अवसर पर स्कूलांं, कॉलेजों सहित विभिन्न संस्थानों में परिचर्चा, गोष्ठियां, सेमिनार और कार्यशाला जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।