अप्रैल 28, 2024 8:03 अपराह्न

printer

छत्तीसगढ़: लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए

छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के तहत मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में चेम्बर ऑफ कॉमर्स से जुड़े व्यापारिक संगठनों ने अपने उत्पादों में लोगों को मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करने छूट देने की घोषणा की है। चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी के नेतृत्व में व्यापारियों ने रायपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर गौरव कुमार सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो मतदाता अंगुली की स्याही उनके दुकानों-प्रतिष्ठानों में आकर दिखाएगा, उसे विभिन्न उत्पादों की खरीदी पर छूट दी जाएगी। कलेक्टर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे अधिक से अधिक संख्या में लोग मतदान करने के लिए प्रेरित होंगे। यह छूट 7 मई से 12 मई तक दी जाएगी। वहीं, राजधानी रायपुर में कई अन्य होटल, रिसॉर्ट्स और अस्पतालों ने भी अपने ग्राहकों को मतदान करने के बाद स्याही का निशान दिखाने पर छूट देने की घोषणा की है। इन संस्थाओं ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर अपने ऑफर संबंधी पत्र उन्हें सौंपा। इसी तरह, रायपुर के मरीन ड्राइव के पास स्थित एक रेस्टॉरेंट ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 25 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है। वहीं, बच्चों के मनोरंजन के लिए चलने वाले बस और ट्रेन की सवारी पर 30 प्रतिशत छूट देने की बात भी कही है। यह सुविधा मतदान दिवस के दिन 7  मई को मतदाताओं को अंगुली में स्याही लगा चिन्ह दिखाने पर मिलेगी।

 

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत नया रायपुर में स्वीप संध्या का आयोजन किया गया। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर गौरव सिंह शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में नया रायपुर के हर नागरिकों को मतदान कर अपना कर्तव्य निभाना है। कार्यक्रम के बाद कलेक्टर ने सभी नागरिकों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई। स्वीप संध्या के अवसर पर रंगोली, नारा लेखन, नुक्कड़-नाटक, फुटबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिता के जरिये मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। वहीं, बच्चों के लिए दौड़ और कुर्सी दौड़ का भी आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

वहीं, दुर्ग जिले में पुलिस-प्रशासन की टीम ने आज बाईक रैली निकाली, जिसमें पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला शामिल हुए और लोगों को शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग और जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने इस रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाइक रैली में पुलिस जवान और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी अपने हाथों में शत-प्रतिशत मतदान वाले स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर निकले। 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला