‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ महावृक्षारोपण अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में वन विभाग द्वारा वन क्षेत्रों में तीन करोड़ पचयासी लाख पौधे लगाए जाएंगे। इस अभियान की शुरूआत ग्यारह जुलाई को शाम चार बजे नवा रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वन मंत्री केदार कश्यप करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अभियान के तहत वृक्षारोपण स्थलों का नामकरण स्थानीय देवी-देवताओं के नाम पर करने का आह्वान किया है। अभियान के दौरान सभी जिलों में ग्राम और पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से पौधे लगाए जाएंगे।
अभियान के अंतर्गत सभी स्कूलों, छात्रावासों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, पुलिस चौकी, अस्पताल, शासकीय परिसर, शासकीय और अशासकीय भूमि, विभिन्न औद्योगिक संस्थानों की खाली पड़ी जमीन पर पौधारोपण किया जा रहा है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज कवर्धा वनमंडल में एक-पेड़ मां के-नाम अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने निःशुल्क पौधा वितरण के लिए स्ट्राईक फोर्स वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इधर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के माओवाद प्रभावित अंडी थाने में पुलिस द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय अर्धसैनिक बल, आईटीबीपी, वन विभाग, ग्राम पंचायत और ग्रामीण शामिल हुए।