छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है। इसी कड़ी में आज राजनांदगांव में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, क्लस्टर प्रभारी राजेश कुमार और लोकसभा प्रभारी नारायण चंदेल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज साजा क्षेत्र के परपोड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार विजय बघेल के पक्ष में आमसभाओं को संबोधित किया। चार अप्रैल को राजनांदगांव में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय नामांकन दाखिल करेंगे।
दूसरी ओर, कांग्रेस द्वारा कल जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी विजय जांगिड़, जांजगीर लोकसभा वार रूम प्रभारी अर्जुन तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। इस बीच, बहुजन समाज पार्टी ने प्रदेश की तीन लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने राजनांदगांव सीट से देवलाल सोनवंशी, महासमुंद से बसंत सिन्हा और कांकेर निर्वाचन क्षेत्र से तिलकराम मरकाम को अपना उम्मीदवार बनाया है।