अप्रैल 1, 2024 8:02 अपराह्न

printer

छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत लोकसभा क्षेत्रों में नामांकन की प्रक्रिया जारी

छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा क्षेत्रों में नामांकन की प्रक्रिया जारी है। अभ्यर्थी अपना नामांकन पत्र सार्वजनिक अवकाश दिवसों को छोड़कर कार्यालयीन दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक जमा कर सकते हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि चार अप्रैल है। पांच अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार आठ अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।  

 

इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल कांकेर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग की नामांकन रैली में शामिल होंगे। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजनांदगांव तथा पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस नेता ताम्रध्वज साहू महासमुंद संसदीय क्षेत्र से कल अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसी तरह, कांकेर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर परसों तीन अप्रैल को नामांकन पत्र भरेंगे।