छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के तहत राजनीतिक दलों की गतविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज केशकाल के हरवेल में आयोजित जनसभा में शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए श्री साय ने कहा कि कांकेर लोकसभा के लोगों ने भाजपा पर विश्वास जताया है। इस बार भी उन्हें उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव में यहां की जनता उन पर अपना विश्वास व्यक्त करेगी। श्री साय ने कहा कि पीएससी मामले में सीबीआई जांच शुरू हो गई है और दोषी जल्द ही जेल में होंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वायदों को पूरा किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में रायपुर से जगदलपुर रेलवे लाइन के विकास पर जोर दिया जाएगा।
इधर, रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ताओं और जिलों के प्रभारी पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और प्रदेश सह-प्रभारी विजय जांगिड़ ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस केन्द्र सरकार की दस साल की वादाखिलाफी और महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और महिलाओं से किए गए वायदे पूरे नहीं करने जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। इस बीच, वरिष्ठ नेताओं का भाजपा में प्रवेश भी जारी है। जांजगीर-चाम्पा के पामगढ़ में आयोजित भाजपा के सम्मेलन में पूर्व जनपद अध्यक्ष सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। इस अवसर पर आरंग विधायक खुशवंत साहेब, भाजपा जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह चन्देल और अन्य भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के केंद्रीय समन्वयक नर्मदा प्रसाद अहिरवार जांजगीर पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री अहिरवार ने कहा कि देश में लोगों की सुरक्षा की गारंटी होनी चाहिए। साथ ही महंगाई और भ्रष्टाचार पर भी नियत्रंण होना जरूरी है।