छत्तीसगढ़ में लोकसभा आम चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता के प्रभावी होने के बाद से अब तक 30 करोड़ 47 लाख रुपए की अवैध धनराशि और अन्य वस्तुएं जब्त की गई हैं। इनमें नौ करोड़ 11 लाख रुपए की नगद राशि भी शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा निगरानी के दौरान 24 हजार लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 56 लाख रुपए बताई गई है। वहीं, एक करोड़ साठ लाख रुपए कीमत की नशीली वस्तुएं भी जब्त की गई हैं। इसके अलावा एक करोड़ चौंसठ लाख रुपए कीमत के चौबीस किलोग्राम आभूषण और सत्रह करोड़ रूपये से अधिक की अन्य सामग्रियां बरामद की गई हैं।
इस बीच, रायगढ़ में उड़नदस्ता दल ने जांच के दौरान मेडिकल कॉलेज मार्ग पर एक वाहन से करीब 50 लाख रूपये की नगद राशि बरामद की है।