छत्तीसगढ़ में आज से भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। रायपुर के पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा की अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराया। इस दौरान संगठन के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। राज्य में इकतीस अक्टूबर तक यह अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत हर ब्लॉक में दो सौ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से प्रदेश में संगठन महापर्व अभियान की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे। इसी सिद्धांत को लेकर भारतीय जनसंघ की नींव रखी गई थी। जनसंघ के इन्हीं आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारतीय जनता पार्टी की शुरुआत हुई।
इससे पहले, कल सोमवार को प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में पार्टी की सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। उन्हें पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सदस्यता नवीनीकरण प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इस मौके पर श्री मोदी ने कहा कि भाजपा, भारत की एकमात्र राजनीतिक पार्टी है, जो अपने काम का विस्तार करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सुधार कर रही है। श्री मोदी ने कहा कि सरकार जन-मन योजना के माध्यम से गांवों में लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है।