छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर लोकसभा क्षेत्रों में नामांकन की प्रक्रिया जारी है। अब तक बीस अभ्यर्थियों के इकतीस नामांकन प्राप्त हुए हैं। इनमें राजनांदगांव क्षेत्र से आठ, महासमुंद से चौदह और कांकेर से नौ नामांकन शामिल हैं। इस बीच, आज राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भाजपा उम्मीदवार के रूप में सांसद संतोष पांडेय ने कलेक्टोरेट परिसर पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं, महासमुंद लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार ताम्रध्वज साहू ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी तरह, कांकेर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार भोजराज नाग ने नामांकन पत्र भरा। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, उपमुख्यमंत्री अरूण साव और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी मौजूद थे।
दूसरे चरण के तहत नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है। 5 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। अभ्यर्थी 8 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।