छत्तीसगढ़ की जांजगीर-चांपा पुलिस ने करीब दो हजार सात सौ महिलाओं से लगभग आठ करोड़ रूपए की ठगी करने के आरोप में फ्लोरा मैक्स कंपनी के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने संबंधित कंपनी के चांपा कार्यालय का सभी सामान भी जब्त कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज किया है। इनमें से डायरेक्टर सहित दो आरोपियों को कोरबा पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
गौरतलब है कि इस कंपनी ने महिलाओं को बिजनेस स्कीम का झांसा दिया और तीस हजार रूपए लेकर हर महीने सत्ताईस सौ रूपए देने की बात कही और करीब आठ करोड़ रूपए की ठगी की। कंपनी ने कोरबा के बाद चांपा में भी अपना ऑफिस खोला था। बाद में महिलाओं की रिपोर्ट पर चांपा पुलिस ने मामला दर्ज किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।