मई 5, 2024 8:15 अपराह्न

printer

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में आज पैंतीस माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में आज पैंतीस माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें से तीन माओवादियों पर इनाम घोषित था। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने बताया कि लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर इन माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। भैरमगढ़, मलांगेर और कटेकल्याण एरिया कमेटी में सक्रिय इन माओवादियों ने दन्तेवाड़ा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप, सीआरपीएफ के पुलिस उप महानिरीक्षक विकास कठेरिया और दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इन सभी माओवादियों पर रोड काटने और पर्चें लगाने सहित विभिन्न गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप है। उन्होंने बताया कि इन सभी माओवादियों को राज्य सरकार की पुनर्वास योजना के तहत पच्चीस-पच्चीस हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि तथा पुनर्वास योजना के तहत मिलने वाले सभी प्रकार के लाभ दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक एक सौ अस्सी इनामी माओवादी सहित कुल सात सौ छियानवे माओवादी आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं।