छत्तीसगढ़ और ओडिशा उप क्षेत्र द्वारा 5 और 6 अक्टूबर को रायपुर के साइंर्स कॉलेज मैदान में सशस्त्र बल आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्य सरकार और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। वहीं, मध्य कमान और मध्य भारत क्षेत्र के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। भारतीय सेना की ताकत और कौशल का प्रदर्शन करने के लिए विभिन्न इकाइयों और संरचनाओं से तीन सौ से अधिक भारतीय सेना के जवान इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस बीच, भारतीय सेना के भीष्म टी-नाइंटी टैंक और अन्य आर्टिलरी का आज रायपुर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। जोरा स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर रायपुर कलेक्टर डॉक्टर गौरव सिंह और एसएसपी संतोष सिंह सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने इनका स्वागत किया। इसके बाद एक रैली के रूप में टैंक और सैन्य उपकरण तेलीबांधा, मरीन ड्राइव, कलेक्टोरेट, जयस्तंभ चौक और आश्रम चौक होते हुए साईंस कॉलेज मैदान पहुंचे। इस रैली को लेकर शहर के नागरिकों में खासा उत्साह देखा गया।