छत्तीसगढ के दंतेवाडा जिले में आज 35 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें से तीन माओवादियों पर इनाम घोषित किया गया था।
इन माओवादियों ने दंतेवाडा पुलिस के लोन वराटू अभियान के तहत दंतेवाडा क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक कमलोचन कश्यप और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। सभी माओवादी भैरामगढ और कतेकल्याण क्षेत्र समिति संगठन के सक्रिय सदस्य थे। सभी माओवादी नक्सली गतिविधियों और सड़क अवरोध जैसे मामलों में आरोपी थे। आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के तहत सरकार सभी माओवादियों को 25 हजार रूपए देगी। दंतेवाडा पुलिस द्वारा लोन वराटू अभियान के अंतर्गत सात सौ 96 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं।