राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के बस्तर मंडल मुख्यालय जगदलपुर में आज बस्तर पांडुम महोत्सव का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि बस्तर के लोग जीवन को उत्सव की तरह जीते हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर पांडुम महोत्सव के माध्यम से देश और विश्व को बस्तर क्षेत्र की समृद्ध आदिवासी संस्कृति की झलक मिलती है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित थे। महोत्सव के अंतर्गत 9 फरवरी तक मंडल स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इस दौरान 84 टीम के 700 से अधिक कलाकार बारह सांस्कृतिक विधाओं में प्रस्तुतियां देंगे। इसमें आदिवासी नृत्य, हस्तशिल्प, पारंपरिक आदिवासी व्यंजन और स्वदेशी वाद्य यंत्र शामिल हैं।